कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में भारत सरकार के केंद्रीय सतर्कता आयोग नई दिल्ली के निर्देशानुसार सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ किया गया। यह सप्ताह 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम सत्यनिष्ठा से समृद्धि तथा उप-विषय ईमानदारी एक जीवन शैली है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा सहभागिता कर सत्यनिष्ठा एवं भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य हरीश चन्द्र द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाकर किया गया। इस अवसर पर प्राचार्य ने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत के निर्माण के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं में ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नैतिक मूल्यों का विकास आवश्यक है। उन्होंने सभी से अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन में सत्यनिष्ठा अपनाने तथा भ्रष्टाचार के विरुद्ध सजग रहने का आह्वान किया।
शपथ ग्रहण समारोह में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध जागरूक रहने, अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने तथा जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सत्यनिष्ठा बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डा. कविता अहलावत सहायक प्राध्यापक राजनीति विज्ञान विभाग तथा डा. वीरेन्द्र कुमार सैनी, सहायक प्राध्यापक वाणिज्य विभाग ने बताया कि सप्ताह के अंतर्गत विद्यार्थियों में सतर्कता एवं नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से निबंध लेखन, वाद -विवाद, पोस्टर निर्माण एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के साथ -साथ जागरूकता रैली का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
