नशे की लत छुड़ाकर नई जिंदगी की राह दिखाएगा ‘प्रत्याशा’
कोटद्वार। गढ़वाल बिजनौर डायसिस द्वारा नजीबाबाद क्षेत्र के साहनपुर में स्थापित प्रत्याशा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का शुभारंभ सोमवार को किया जाएगा। हरिद्वार रोड स्थित केंद्र के उद्घाटन समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। केंद्र में दाखिल नशा पीड़ितों को पुनर्वास हेतु उच्च स्तरीय सुविधाएं दी जाएंगी।
प्रत्याशा केंद्र के फादर प्रबंधक शिबी पौलोस व सेंट मेरी अस्पताल के प्रबंधक फादर पायस ने बताया कि हरिद्वार रोड़ साहनपुर स्थित केंद्र का शुभारंभ सोमवार शाम चार बजे होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता गढ़वाल बिजनौर डायसिस के बिशप विंसेंट नेल्लाइपरंबिल करेंगे। समारोह में बिजनौर के पुलिस अधीक्षक केके विश्नोई बतौर मुख्य अतिथि जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के ओएसडी आरबीएस रावत बतौर विशिष्ट अतिथि एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्याशा नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र का उद्देश्य नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से बेहतर जीवन की ओर लौटने में सहायता करना है। केंद्र के जरिए जरूरतमंद लोगों को नई शुरुआत का अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह केंद्र राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। जिसमें दाखिल नशा पीड़ितों की थैरेपी व काउंसलिंग इत्यादि करायी जाएगी।
