डबल सुपर ओवर तक पहुंचा फाइनल, वृंदावन क्रिकेट क्लब को दी शिकस्त
लखनऊ। उत्तराखंड महापरिषद के खेल प्रकोष्ठ द्वारा स्व. मोहन सिंह बिष्ट की स्मृति में आयोजित तृतीय टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अल्मोड़ा अटैकर्स ने अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में अल्मोड़ा अटैकर्स और वृंदावन क्रिकेट क्लब के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। रोमांच से भरपूर यह मुकाबला पहले टाई फिर सुपर ओवर भी बराबरी पर समाप्त होने के बाद डबल सुपर ओवर तक पहुंचा, जिसमें अल्मोड़ा अटैकर्स द्वारा जीत दर्ज की गई।

टूर्नामेंट के पहले क्वार्टर फाइनल में अल्मोड़ा अटैकर्स ने देवभूमि लायंस को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। दूसरे क्वार्टर फाइनल में वृंदावन क्रिकेट क्लब ने नीलमथा की टीम को शिकस्त दी। एक अन्य मुकाबले में शिवानी विहार इलेवन ने उत्तराखंड यूनाइटेड को पराजित किया। वहीं, शिवानी विहार और उत्तराखंड यूनाइटेड के बीच खेले गए मुकाबले में शिवानी विहार की टीम विजयी रही।
खेल प्रभारी के अनुसार टीमों की शीर्ष रैंकिंग और नेट रन रेट के आधार पर अल्मोड़ा अटैकर्स तथा वृंदावन क्रिकेट क्लब ने सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई किया। खिताबी मुकाबले में वृंदावन क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 72 रन का लक्ष्य रखा। इसके जवाब में मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद सुपर ओवर में भी दोनों टीमों के बीच अंतर नहीं हो सका। आखिरकार डबल सुपर ओवर में अल्मोड़ा अटैकर्स ने बाजी मारते हुए खिताब पर कब्जा कर लिया।
टूर्नामेंट के पुरस्कार वितरण समारोह में अर्जुन अवार्ड विजेता एवं पूर्व खिलाड़ी रचना गोविल बतौर मुख्य अतिथि तथा स्व. मोहन सिंह बिष्ट की धर्मपत्नी हीरा बिष्ट ने बतौर विशिष्ट अतिथि मौजूद थीं। अतिथियों द्वारा विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर समस्त खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया गया।
उत्तराखंड महापरिषद के मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह कनवाल ने बताया कि टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने शानदार खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक प्रदर्शन किया। आयोजन के दौरान प्रोफेसर दिवाकर सिंह राजपूत, डा. कीर्ति विक्रम सिंह व किशोर पंत सहित उत्तराखंड महापरिषद के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में खेलप्रेमी दर्शक उपस्थित रहे।
