भ्रष्टाचार के खिलाफ निडर होकर करें शिकायत, पहचान रहेगी गोपनीय : डा. कविता अहलावत
कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में केंद्रीय सतर्कता आयोग भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह के अंतर्गत ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि : मूल्य एवं ईमानदारी’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में छात्राओं को भ्रष्टाचार के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और संबंधित हेल्पलाइन नंबरों की विस्तार से जानकारी दी गई।
बुधवार को महाविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यशाला में विद्यार्थियों को उन्हें उत्तराखंड सरकार के टोल -फ्री नंबर 1064, सीएम हेल्पलाइन 1905 तथा केंद्रीय सतर्कता आयोग की हेल्पलाइन 1800-11-0180 के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की गई। इसके अलावा 1064 हेल्पलाइन और 1064 एंटी करप्शन ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाने पर शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखे जाने की जानकारी भी दी गई।
कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राचार्य डा. हरिश्चंद्र ने कहा कि सतर्कता जागरूकता महज औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प है। महाविद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें चरित्रवान, जिम्मेदार और ईमानदार नागरिक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सत्यनिष्ठा के प्रति सक्रिय भागीदारी उत्साहजनक है। महाविद्यालय प्रशासन भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टालरेंस की नीति पर कार्य कर रहा है।
डा. कविता अहलावत ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि ईमानदारी सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है। विशेष रूप से छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि अनुचित मांग, रिश्वत या उत्पीड़न का सामना करने पर निडर होकर संबंधित हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं। जागरूक नागरिकों की आवाज ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकती है।
वाणिज्य विभाग के प्राध्यापक डा. वीरेंद्र कुमार सैनी ने मूल्य एवं ईमानदारी विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि ईमानदारी जीवन जीने की कला है। यह व्यक्ति के नैतिक विकास के साथ -साथ व्यक्तिगत और राष्ट्रीय समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करती है। कार्यशाला का समापन सत्यनिष्ठा प्रतिज्ञा के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
