सीएससी सेंटरों पर निर्धारित शुल्क सूची चस्पा करने के निर्देश, अधिक वसूली पर होगी कड़ी कार्रवाई
पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल 1905 पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएससी सेंटरों पर आनलाइन सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी भटगई ने आयोजित समीक्षा बैठक में शिकायतकर्ताओं से स्वयं दूरभाष उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण तय समयसीमा के भीतर किया जाए। कुछ विभागों द्वारा निर्धारित समय में शिकायतों का समाधान नहीं किए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई।
वहीं, सीएससी सेंटरों द्वारा आनलाइन सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी जन सेवा केंद्र पर निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली पाई जाती है, तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के सभी जन सेवा केंद्रों पर निर्धारित शुल्क की सूची अनिवार्य रूप से चस्पा कराई जाए। इसके अलावा सीएससी केंद्रों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए ताकि आमजन से अधिक शुल्क वसूले जाने की शिकायतों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि इस माह 18 सितंबर तक जनपद में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर कुल 884 शिकायतें पंजीकृत हुई हैं। इनमें से 690 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष शिकायतों पर कार्रवाई गतिमान है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतों के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डा. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।स
