कोटद्वार। राजकीय महाविद्यालय कण्वघाटी में विश्व निवेशक सप्ताह के तहत वित्तीय साक्षरता विषय पर वेबिनार आयोजित किया गया। सेबी द्वारा अधिकृत संस्था उत्कृष्ट वैश्विक कौशल के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का आयोजन वाणिज्य विभाग एवं व्यावसायिक परामर्श और रोजगार प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
वेबिनार के मुख्य विशेषज्ञ एवं वक्ता सीए वैभव झावेर ने छात्राओं को वित्तीय प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने बचत एवं आय के प्रबंधन, निवेश की मूल अवधारणा, समय के साथ धन के मूल्य में वृद्धि, निवेश के 50-30-20 नियम, निवेश प्रबंधन और व्यवस्थित निवेश योजना (एसआईपी) के महत्व के बारे में सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया।
उन्होंने चक्रवृद्धि ब्याज की शक्ति को उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए बताया कि कम उम्र से ही नियमित रूप से छोटी राशि का निवेश शुरू कर लंबे समय में बेहतर फंड तैयार किया जा सकता है। उन्होंने छात्राओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए बचत और सही निवेश की आदत विकसित करने पर जोर दिया।सीए झावेर ने डब्बा ट्रेडिंग जैसी गैरकानूनी ट्रेडिंग गतिविधियों से होने वाले नुकसान के प्रति भी छात्राओं को जागरूक किया और ऐसे अवैध निवेश माध्यमों से बचने की सलाह दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य ने उत्कृष्ट वैश्विक कौशल एवं सीए वैभव झावेर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्राओं को वित्तीय रूप से जागरूक और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
