पर्यटकों की सुरक्षा से समझौता बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी
नैनीताल। जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला पर्यटन विकास अधिकारी व तहसीलदार द्वारा जनपद में संचालित होम स्टे इकाइयों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अनिमियता पाए जाने वाली कुछ होम स्टे इकाइयों को नोटिस जारी किए गए। वहीं, कुछ इकाईयों को अर्थदंड से दंडित किया गया।
शनिवार को जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या व तहसीलदार अक्षय भट्ट द्वारा ग्यारह होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया। जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर पांच होम स्टे इकाइयों को नियमावली के प्राविधानों के उल्लंघन पर नोटिस जारी किया गए। वहीं, दो इकाइयों पर दस -दस हजार रुपये का अर्थदण्ड लगाया गया। जबकि दो होम स्टे इकाइयों के निरस्तीकरण की संस्तुति की गई है।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि जनपद में पर्यटकों की सुरक्षा और मानकों को ध्यान में रखते हुए होम स्टे इकाइयों का भौतिक निरीक्षण जारी रहेगा। निरीक्षण के दौरान यदि किसी इकाई में अनियमितता पाई जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने समस्त होम स्टे संचालकों से होम स्टे नीति एवं नियमावली का कड़ाई से पालन करने को कहा है।
