कोटद्वार उजाला पास्टर सेंटर में आयोजित रक्तदान शिविर में 28 यूनिट रक्त संग्रहित
कोटद्वार। बिजनौर -गढ़वाल धर्म प्रांत के युवा विभाग द्वारा स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह के अंतर्गत सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानव सेवा की भावना को प्रोत्साहित करने हेतु एक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 28 युवाओं द्वारा रक्तदान किया गया। इस शिविर का आयोजन धर्मप्रांत के युवा विभाग सेंट मेरीज अस्पताल नजीबाबाद तथा गुरु नानक चैरिटेबल ट्रस्ट नजीबाबाद के संयुक्त सहयोग से संपन्न हुआ।


बुधवार को कोटद्वार भाबर क्षेत्रांतर्गत निंबूचौड़ स्थित उजाला पादरीय केंद्र में आयोजित शिविर का शुभारंभ बिजनौर -गढ़वाल धर्म प्रांत के युवा निदेशक फादर जोसफ चाक्को द्वारा रक्तदान कर किया गया। शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण से गुजरने के बाद कुल 28 स्वस्थ युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता और समाज सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में फादर जोसफ चक्को ने कहा कि रक्तदान जीवनदान के समान है तथा युवाओं द्वारा किया गया यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग ने समाज के प्रति अपने दायित्व का निर्वहन करते हुए सेवा और परोपकार का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।

सेंट मेरीज अस्पताल नजीबाबाद के निदेशक तथा स्वर्ण जयंती समारोह के जनरल कन्वीनर फादर पायस फिलिप ने अपने संदेश में कहा कि रक्तदान मानवता की सर्वोच्च सेवाओं में से एक है। यह न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित होता है, बल्कि युवाओं में करुणा, संवेदनशीलता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि रक्त की प्रत्येक इकाई किसी व्यक्ति के लिए नई आशा और नया जीवन बन सकती है।

शिविर में रक्तदान करने वाले सभी 28 रक्तदाताओं को गुरु नानक चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रशस्ति -पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह रक्तदान शिविर बिजनौर -गढ़वाल धर्म प्रांत के स्वर्ण जयंती वर्ष समारोह के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में मानव सेवा, सामाजिक सहभागिता एवं युवा सशक्तिकरण का एक प्रेरणादायी उदाहरण सिद्ध हुआ।
