विकास खंड एकेश्वर के अंतर्गत ग्राम ईड़ा मल्ला की है घटना
कोटद्वार। विकास खंड एकेश्वर में खेत में कार्य कर रही एक महिला को गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। घायल महिला को 108 के माध्यम से उपचार हेतु हंस अस्पताल में लाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद एम्स रेफर कर दिया गया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह ईड़ा मल्ला निवासी बलदेव सिंह की धर्मपत्नी लीला देवी (55) घर के निकट अपने खेत में कार्य कर रही थी। इस दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे गुलदार ने अचानक लीला देवी पर हमला कर दिया। लीला देवी व आसपास के लोगों द्वारा शोर मचाने पर गुलदार भाग गया। इस हमले में घायल लीला देवी बुरी तरह घायल हाे गयी। घायल लीला देवी को परिजन 108 सेवा के माध्यम से उपचार हेतु हंस अस्पताल में दाखिल कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है। वहीं, चिकित्सकों के अनुसार घायल महिला के गाल, जबड़े व पीठ पर गुलदार के पंजो के निशान आए हैं।


वहीं, क्षेत्रीय ग्रामीणों में इस घटना के बाद भय का माहौल बना हुआ है। जिला सहकारी बैंक के पूर्व निदेशक नरेंद्र सिंह नेगी ने तत्काल अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकों से घायल महिला का हालचाल समाचार जाना। नेगी ने प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल वन प्रभाग महातिम यादव को इस घटना से अवगत करवाते हुए उचित मुआवजा राशि दिलाने, क्षेत्र में वनकर्मियों को तैनात करने तथा पिंजड़ा लगाने मांग की है। उधर, समाचार लिखे जाने तक वन कर्मियों की टीम ने घटनास्थल के पास पिंजड़ा लगा दिया था।
