महिला मंगल दल मासौं और युवक मंगल दल नाद मल्ला को मिला प्रथम स्थान
पौड़ी। जिला मुख्यालय में जनपद स्तरीय युवा महोत्सव का शनिवार को आगाज हुआ। महोत्सव में जनपद के 15 विकासखंडों के युवाओं द्वारा लोकनृत्य, लोकगीत, चित्रकला, कविता लेखन, भाषण, फोटोग्राफी और नुक्कड़ नाटक में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया गया।

प्रेक्षागृह में राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष विनोद सुयाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, ब्लाक प्रमुख अस्मिता नेगी और जिला पंचायत सदस्य अनुज कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजित महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस दौरान विकासखंड पोखड़ा के दल द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया।
इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को प्रतिभा निखारने के साथ लोक संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण का अवसर देते हैं। उन्होंने कहा कि युवा महोत्सव हमारी समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। पहाड़ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है वह कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ते हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें अपनी कला और कौशल को सामने लाने का अवसर मिलता है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ता है।
¨
इस दौरान विवेकानंद यूथ अवार्ड के तहत महिला मंगल दलों में पौड़ी विकासखंड के मासौं दल ने प्रथम, थलीसैंण के ग्वारी दल ने द्वितीय और यमकेश्वर के ताछला दल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं युवक मंगल दलों में यमकेश्वर के नाद मल्ला दल ने प्रथम, पौड़ी के बड़गांव मल्ला दल ने द्वितीय और यमकेश्वर के बिथ्याणी दल ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि युवा महोत्सव तीन स्तरों पर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के साथ ही लोक संस्कृति, कला और परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए प्रोत्साहित करना है। तिवारी ने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा।उन्होंने समस्त प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन अशोक पंवार ने किया। इस अवसर पर कनिष्ठ प्रमुख पौड़ी नीरज पटवाल, नलिन भट्ट, भातखंडे हिंदुस्तानी संगीत महाविद्यालय के प्रधानाचार्य अनिरुद्ध सिंह बिष्ट, मनोहर चमोली, रेडक्रास के जिला सचिव केसर सिंह असवाल, ओमपाल बिष्ट सहित विभिन्न विकासखंडों के क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी, प्रतिभागी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

